रायपुर ।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर बार-बार आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए जाने के बावजूद हर बार पुनर्निर्मित हुआ, जो देशवासियों की अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
इस विशेष यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित कलाकार, साहित्यकार एवं सामाजिक प्रतिनिधि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु अपने साथ प्रदेश के विभिन्न शिवालयों की पवित्र माटी और नदियों का जल कलश लेकर सोमनाथ मंदिर में अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय गौरव का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण भारत की एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ने का अवसर देती है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और अंगवस्त्र भेंट कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर कई मंत्री, विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।