कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में वित्त वर्ष 2026 का बजट पेश करते हुए सरकार ने महिलाओं, कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। बजट में महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
महिलाओं को बड़ी सौगात
राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। इसके लिए विशेष ‘पिंक कार्ड’ जारी किए जाएंगे। साथ ही अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कर्मचारियों को राहत, DA में बड़ा इजाफा
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद DA 18 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा।
विधायकों की विकास निधि भी 70 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दी गई है।
1 लाख नौकरियों का ऐलान
बजट में राज्य में 1 लाख नई नियुक्तियों का प्रस्ताव रखा गया है। इसमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। इसके अलावा 50 हजार शिक्षकों और 20 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की योजना भी शामिल है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस
सरकार ने उत्तर बंगाल में IIT और IIM स्थापित करने, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाने और आधुनिक स्टेडियम विकसित करने की घोषणा की है। स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर अस्पताल और मेडिकल हब बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल प्रशासन
बजट में विभागों को चरणबद्ध तरीके से पेपरलेस बनाने और AI तकनीक को बढ़ावा देने की बात कही गई है। साथ ही नए पुलिस जिले और फायर ब्रिगेड केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा मां कैंटीन योजना का विस्तार, मिड-डे मील राशि बढ़ाना, डिलीवरी वर्कर्स के लिए वेलफेयर कमेटी और रिटायर्ड पत्रकारों के लिए मासिक पेंशन जैसी घोषणाएं भी की गई हैं।