दोहा। कतर के रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में बड़ा हादसा हुआ है। रविवार रात बरजान गैस सप्लाई प्लांट में हुए धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें कम से कम 54 लोग घायल हो गए हैं, जबकि 18 लोगों के लापता होने की खबर है।
कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार, हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए कतरी इंटरनेशनल सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप को तैनात किया गया है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
टर्मिनल दोबारा शुरू करने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और गैस सप्लाई प्रभावित होने के बाद कतर अपने प्राकृतिक गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान प्लांट में अचानक बड़ा विस्फोट हो गया।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर की आशंका
कतर दुनिया के प्रमुख प्राकृतिक गैस उत्पादकों में शामिल है। रास लाफान स्थित यह टर्मिनल अंतरराष्ट्रीय गैस सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है। हादसे के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पहले भी हुआ था हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले मार्च में रास लाफान क्षेत्र में मिसाइल हमले के बाद आग लगने से नुकसान हुआ था। अब ताजा विस्फोट ने कतर के ऊर्जा क्षेत्र के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।