रायपुर/बेमेतरा। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बेमेतरा जिले के ग्राम मरका स्थित शासकीय मीडिल स्कूल के लिए 65 इंच का डिजिटल स्मार्ट बोर्ड प्रदान किया। यह स्मार्ट बोर्ड राज्यपाल ने अपने स्वेच्छानुदान मद से उपलब्ध कराया है।
ग्राम मरका के ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की उपलब्धता तो है, लेकिन डिजिटल शिक्षण संसाधनों की कमी के कारण बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। स्मार्ट बोर्ड मिलने से अब विद्यार्थियों को बेहतर और तकनीक-आधारित शिक्षा मिल सकेगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस सुविधा से स्कूल के बच्चे नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और प्रयास विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने राज्यपाल श्री रमेन डेका को जैविक रूप से उत्पादित दाल, चना एवं अन्य स्थानीय कृषि उत्पाद भी भेंट किए।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, ग्राम पंचायत के पदाधिकारी तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उपस्थित रहे।