नई दिल्ली। NEET परीक्षा प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। इस बार NEET री-एग्जाम के एक अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी आवंटित कर दिया गया, जबकि उसने आवेदन में नागपुर को प्राथमिकता दी थी।
मामला सामने आने के बाद छात्र और उसके अभिभावकों ने तुरंत हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में NTA ने तकनीकी त्रुटि स्वीकार करते हुए इसे गलती माना है और परीक्षा केंद्र बदलने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम परीक्षा से ठीक एक दिन पहले यह गड़बड़ी सामने आई, जिससे छात्र और परिवार दोनों परेशान हो गए। विदेश में परीक्षा केंद्र आवंटित होने के कारण पासपोर्ट और वीजा जैसी औपचारिकताएं पूरी करना संभव नहीं था।
इस बीच, NTA की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन में कथित अनियमितताओं को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है, और अब इस तरह की गलती ने एजेंसी की विश्वसनीयता पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि NTA अब उम्मीदवारों को परीक्षा से जुड़ी जानकारी सीधे WhatsApp के माध्यम से भी उपलब्ध करा रहा है, ताकि संचार प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया जा सके।
फिलहाल, छात्र को नया परीक्षा केंद्र देने पर विचार किया जा रहा है और मामले की समीक्षा जारी है |