रायपुर । NEET UG 2026 की 21 जून को होने वाली पुनः परीक्षा के सुचारु और व्यवस्थित संचालन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के 11 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और आवश्यक निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, उपरवारा, फॉरेस्ट कॉलोनी (माना बस्ती), स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शाला माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई, माधवराव सप्रे हायर सेकेंडरी स्कूल बुढ़ापारा, जे.आर. दानी कन्या विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम कन्या शाला कटोरा तालाब, जे. योगानंदम शासकीय कॉलेज बैरन बाजार तथा प्रो. जे.एन. पांडे स्कूल नलघर चौक सहित कई केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम के निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संभावित बारिश को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग (जांच प्रक्रिया) शेड या छायादार स्थान पर की जाए, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को हर केंद्र पर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रायपुर में 25 परीक्षा केंद्र
जानकारी के अनुसार, री-NEET परीक्षा के लिए रायपुर जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, उमेश कुमार गुप्ता, संदीप कुमार पटेल सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।