रेत विवाद में खूनी संघर्ष: फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता की जलाकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

कोरिया । जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में रेत कारोबार को लेकर हुआ विवाद मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गया। आरोप है कि भाजपा से जुड़े कुछ लोगों के बीच हुए विवाद के बाद एक फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता की जलाकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11 बजे जब भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ नवगई गांव पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर को टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। वाहन के दरवाजे जाम हो जाने के कारण सवारों को बाहर निकलने में भारी मुश्किल हुई।

इस हमले में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी भी भाजपा से जुड़े हुए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना के बाद सरगुजा रेंज के आईजी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद रेत उत्खनन और ठेके को लेकर लंबे समय से चल रहा था, जो मंगलवार को हिंसक झड़प में बदल गया।

स्थानीय विधायक भैयालाल राजवाड़े भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

वहीं कांग्रेस ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में रेत कारोबार “गैंगवार” का रूप ले चुका है और सरकार इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कांग्रेस पर इस घटना का राजनीतिकरण करने का आरोप भी लगाया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *