इंडोनेशिया में 6.7 तीव्रता का भूकंप, पालू में अफरा-तफरी, आफ्टरशॉक्स की चेतावनी जारी

जकार्ता। इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में मंगलवार को 6.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के झटकों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। शुरुआती झटके करीब एक मिनट से अधिक समय तक महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भूकंप का केंद्र सेंट्रल सुलावेसी प्रांत की राजधानी पालू से लगभग 46 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई जा रही है। झटकों के कारण कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि अस्पतालों से मरीजों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।

भूकंप के बाद प्रशासन ने आफ्टरशॉक्स की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 5.2 तीव्रता का एक और झटका भी महसूस किया गया, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया।

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान, संभावित हताहतों और विस्थापित लोगों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

गौरतलब है कि पालू शहर पहले भी विनाशकारी भूकंप और सुनामी का सामना कर चुका है, ऐसे में इस ताजा भूकंप ने लोगों के बीच पुरानी भयावह यादों को फिर से ताजा कर दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *