मलयालम बोलने पर केरल के युवक की हत्या: पश्चिम बंगाल में मॉब लिंचिंग, 5 गिरफ्तार; 2 नाबालिग भी शामिल

पश्चिम बंगाल|पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक बेहद दर्दनाक मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है, जहां केरल के एक युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक मलयालम भाषा बोलता था और स्थानीय लोगों से संवाद नहीं कर पा रहा था, जिसके चलते वह भीड़ के शक और आक्रोश का शिकार बन गया।

जानकारी के अनुसार, केरल निवासी संदीप अकेले बाजार जाने के दौरान रास्ता भटक गया और संकीजहान गांव पहुंच गया। स्थानीय भाषा (हिंदी और बंगाली) न समझ पाने के कारण वह ग्रामीणों को अपनी बात नहीं समझा सका। इसी दौरान लोगों ने उस पर शक करते हुए उसे रोक लिया और कथित रूप से रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज किया है। अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी है। नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक और पुलिस हिरासत में रखा गया है।

इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेना बेहद गंभीर विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *