नई दिल्ली। भारतीय सेना को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने देश के अगले थल सेनाध्यक्ष (Chief of Army Staff) के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। वह मौजूदा थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 30 जून को भारतीय सेना के 31वें प्रमुख के रूप में पदभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा।
मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में संबंधित विभागों को नई नियुक्ति की जानकारी दे दी गई है। वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। उन्होंने 30 जून 2024 को थल सेनाध्यक्ष का पद संभाला था।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना के अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है। उन्होंने दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त किया था और करीब चार दशक का सैन्य अनुभव रखते हैं।
उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (DSSC) वेलिंगटन और नेशनल डिफेंस कॉलेज से प्रशिक्षण लिया है।
अपने लंबे सैन्य करियर में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने रेगिस्तानी क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी मोर्चे जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने सुदर्शन चक्र कोर की कमान भी संभाली है और दिल्ली में जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में भी सेवा दी है।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनके सामने सेना को आधुनिक चुनौतियों के लिए तैयार रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।