ग्वालियर। मध्य प्रदेश के क्रिकेट जगत के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। ग्वालियर के युवा क्रिकेटर यशवर्धन सिंह चौहान को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बीसीसीआई ने उन्हें वनडे और मल्टी-डे (चार दिवसीय) दोनों फॉर्मेट की टीम की कमान सौंपी है।
इस उपलब्धि के साथ ही चंबल अंचल के एक और युवा खिलाड़ी मनल चौहान को भी भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सिंधिया स्कूल के छात्र हैं यशवर्धन
यशवर्धन सिंह चौहान ग्वालियर के प्रतिष्ठित सिंधिया स्कूल के छात्र हैं। वह ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी मिलने के बाद उनका ट्रेनिंग कैंप 23 जून से शुरू होगा। इसके बाद टीम 30 जून को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होगी।
भारत और श्रीलंका के बीच इस दौरे पर 3 वनडे और 2 मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला वनडे मैच 4 जुलाई को हम्बनटोटा में आयोजित होगा।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
यशवर्धन ने जूनियर क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है।
- अंडर-19 घरेलू सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे, जिसके लिए उन्हें बीसीसीआई जगमोहन डालमिया ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
- लगातार दो वर्षों तक घरेलू अंडर-19 क्रिकेट में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले खिलाड़ी रहे।
- अंडर-13 स्तर पर 391 रन की शानदार पारी खेलकर पहली बार सुर्खियों में आए।
- अंडर-18 हीरालाल गायकवाड़ ट्रॉफी में 230 रन की पारी खेली।
- गेंदबाजी में हैट्रिक लेकर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
चंबल के मनल चौहान को भी मौका
यशवर्धन के साथ चंबल क्षेत्र के मनल चौहान का चयन भी भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों की सफलता को क्षेत्रीय क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
स्थानीय खेल संघों और क्रिकेट प्रेमियों ने दोनों युवा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं और उम्मीद जताई है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।