तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी और हिंसा रोकने प्रशासन करे कार्रवाई: डॉ. दिनेश मिश्र

रायपुर। अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के अध्यक्ष डॉ. दिनेश मिश्र ने तंत्र-मंत्र, कथित चमत्कार और अंधविश्वास के नाम पर हो रही ठगी व हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों को भ्रमित कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया और गंभीर अपराध भी हुए हैं।

डॉ. मिश्र ने कहा कि कुछ कथित बैगा, तांत्रिक और चमत्कार का दावा करने वाले लोग जादू-टोना, भूत-प्रेत और तंत्र साधना के नाम पर ग्रामीणों और आम लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे दावों पर विश्वास न करें और किसी भी समस्या के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं।

चमत्कार के नाम पर ठगी के मामले सामने आने का दावा

उन्होंने कहा कि चावल वाले बाबा, कंबल वाले, नींबू वाले जैसे नामों से प्रचारित कथित बाबाओं और चंगाई सभाओं के माध्यम से अंधविश्वास फैलाने के मामले सामने आए हैं। डॉ. मिश्र के अनुसार, ऐसे दावे वास्तविक नहीं होते और अक्सर लोगों को गुमराह करने का तरीका होते हैं।

उन्होंने बालोद, कोरबा और गरियाबंद में सामने आए कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि तंत्र-मंत्र के नाम पर खजाना दिलाने, पैसे बढ़ाने या इलाज का दावा कर लोगों से ठगी और शोषण जैसी घटनाएं हुई हैं।

बीमारी का इलाज विज्ञान से संभव: डॉ. मिश्र

डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि पहले कई बीमारियों को जादू-टोना या भूत-प्रेत से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन चिकित्सा विज्ञान के विकास के बाद बीमारियों के कारण और इलाज सामने आए हैं। कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय इलाज, दवाओं और वैक्सीन के माध्यम से नियंत्रण संभव हुआ।

उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को भी अंधविश्वास से जोड़ने के बजाय विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह लेने की बात कही।

अंधविश्वास से जुड़े अपराधों पर रोक जरूरी

डॉ. मिश्र ने कहा कि जादू-टोने के शक में महिलाओं को प्रताड़ित करने और हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था का अधिकार सभी को है, लेकिन चमत्कार, बीमारी ठीक करने, धन दोगुना करने या तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को भ्रमित करना गलत है। आम जनता को ऐसे दावों से सावधान रहना चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *