बिलासपुर में गंभीर मामला: नाबालिग पीड़िताओं के प्रकरण में SI लाइन अटैच, ASP को जांच जिम्मेदारी

बिलासपुर। नाबालिग बच्चियों से जुड़े दुष्कर्म मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरगिट्टी थाना में पदस्थ उप निरीक्षक (SI) शीतला प्रसाद त्रिपाठी को लाइन अटैच कर दिया गया है। वहीं मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी रश्मित कौर चावला को सौंपी गई है।

मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि शिकायत दर्ज कराने के दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा समझौते के लिए दबाव बनाया गया। परिजनों ने इसकी शिकायत एसएसपी से की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, मामले में एक नाबालिग आरोपी पर दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म का आरोप है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी एएसपी रश्मित कौर चावला को पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर समय-सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया है। साथ ही जांच की प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट भी मांगी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *