किसानों की मांगों को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 9 सूत्रीय मांगपत्र

बेमेतरा। बेमेतरा जिले में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसान कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के नाम 9 सूत्रीय मांगपत्र कलेक्टर को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस आंदोलन में अभिषेक मिश्रा, पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे और पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष आशीष छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किसानों की प्रमुख मांगें

कांग्रेस की 9 सूत्रीय मांगों में प्रति एकड़ खाद कटौती समाप्त करने, सभी किसानों को एकमुश्त खाद वितरण, डीजल की सुलभ उपलब्धता, कृषि बिजली दरों में राहत, खाद की कालाबाजारी पर रोक, KCC ऋण सीमा बढ़ाने, धान का एकमुश्त भुगतान और लंबित अनुदान राशि जारी करने जैसी मांगें शामिल हैं।

सरकार पर लगाए आरोप

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि खरीफ सीजन से पहले किसान कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *