कोर्ट आदेश के बावजूद भर्ती रोकने का आरोप, अभ्यर्थियों ने सरकार पर उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में राज्य के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया गया है और D.Ed. प्रशिक्षित उम्मीदवारों को अब तक नियुक्ति नहीं मिली है।

हेल्पलाइन में शिकायत, प्रक्रिया पर सवाल

शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जब उन्होंने 1076 हेल्पलाइन पर संपर्क किया, तो कॉल अटेंडर ने कहा कि संबंधित श्रेणी अभी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है, इसलिए शिकायत दर्ज नहीं की जा सकती। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी को जॉइनिंग लेटर मिलने के बाद भी पदस्थापना नहीं दी जाती, तभी शिकायत दर्ज हो सकती है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं दी जा रही कि भर्ती प्रक्रिया आखिर क्यों रोकी गई है। साथ ही विभागीय स्तर पर भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है।

2300 पदों पर नियुक्ति की मांग

D.Ed. प्रशिक्षित अभ्यर्थी लंबे समय से 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका अनिश्चितकालीन आमरण अनशन अब 170वें दिन में प्रवेश कर चुका है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेरिट सूची और न्यायालय के आदेश के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है।

गर्मी में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

नवा रायपुर में धरना स्थल पर बैठे एक अभ्यर्थी की तबीयत भी बिगड़ गई। 47 डिग्री सेल्सियस तापमान और लंबे आंदोलन के कारण मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर निवासी मृगेंद्र रजवाड़े की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तीन साल से इंतजार, बढ़ रहा आक्रोश

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले तीन वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। लगातार आंदोलन और स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं मिला है।

सरकार से जल्द निर्णय की मांग

आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि उनके भविष्य और अधिकारों की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *