रायपुर। नशे के खिलाफ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रायपुर के अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से दो हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8.75 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1.70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलौदाबाजार निवासी ऋषि साहू और भिलाई निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में की है। दोनों को संदिग्ध गतिविधियों के दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में ANTF आरोपियों के नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क और हेरोइन सप्लाई चेन के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। ANTF की इस कार्रवाई को राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।