नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक रियल एस्टेट फर्म के कैशियर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम विहार स्थित एक रियल एस्टेट फर्म के कैशियर नितिन और करण को फर्म मालिक ने डेढ़ करोड़ रुपये की नकदी कूचा घासीराम स्थित एक फर्म तक पहुंचाने के लिए दी थी। दोनों कर्मचारी स्कूटी से रकम लेकर निकले थे।
बताया जा रहा है कि जब वे सराय रोहिल्ला इलाके में अशोका पार्क मेट्रो स्टेशन से इंद्रलोक की ओर जा रहे थे, तभी लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो हेलमेट पहने बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने पिस्टल तानकर उन्हें धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया।
वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से पंजाबी बाग की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने पीड़ित कर्मचारियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों को नकदी की जानकारी पहले से थी और वे फर्म कार्यालय से ही कर्मचारियों का पीछा कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।
वहीं, सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग और बाड़ा हिंदूराव क्षेत्र में पहले भी बड़ी लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा वारदात के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।