नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजनीति में चल रही उठापटक के बीच एक बड़ी सियासी खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी अंदरूनी संकट के बीच अब पार्टी के कांग्रेस में विलय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को बड़ा ऑफर दिया है।
दावे के मुताबिक, सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को टीएमसी का कांग्रेस में विलय करने का प्रस्ताव दिया है। इसके बदले उन्हें कांग्रेस में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी देने की बात कही गई है। वहीं ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी को पार्टी में महासचिव पद देने का ऑफर बताया जा रहा है।
हालांकि इस प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस और टीएमसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दिल्ली में बढ़ी सियासी हलचल
टीएमसी में चल रहे संकट के बीच ममता बनर्जी और कांग्रेस नेतृत्व के बीच मुलाकातों का दौर तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि इंडिया ब्लॉक की दिल्ली बैठक के बाद ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से अलग से मुलाकात की थी।
इसके बाद टीएमसी के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ’ब्रायन और अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की। इन बैठकों के बाद बंगाल की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है।
TMC में बढ़ता संकट
विधानसभा और लोकसभा स्तर पर टीएमसी में टूट की खबरों ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि टीएमसी के कई विधायक और सांसद अलग गुट बनाने की तैयारी में हैं।
लोकसभा में भी टीएमसी के करीब 20 सांसदों के अलग रुख अपनाने की खबरों के बाद पार्टी के अंदर असंतोष और बढ़ गया है।
क्या बदल जाएगा बंगाल का सियासी समीकरण?
अगर टीएमसी और कांग्रेस के बीच कोई बड़ा राजनीतिक समझौता होता है, तो इसका असर सिर्फ बंगाल ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर ममता बनर्जी और कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई है।