मुंबई/लंदन। बॉम्बे हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश गौतम पटेल और उनका परिवार गंभीर धमकी भरे हालात का सामना कर रहा है। पिछले करीब 10 महीनों से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। अब यह मामला भारत से आगे बढ़कर ब्रिटेन तक पहुंच गया है, जहां उनकी बेटी को भी धमकी भरा पत्र मिला है।
जानकारी के अनुसार, लंदन में रह रही उनकी बेटी अदिति पटेल को 5 जून को एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। ब्रिटेन पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व जज गौतम पटेल ने दावा किया है कि यह धमकियां दाऊदी बोहरा समुदाय से जुड़े 2024 के उत्तराधिकार विवाद मामले में दिए गए उनके फैसले के बाद शुरू हुईं। उन्होंने अगस्त 2024 में इस विवाद पर अहम फैसला सुनाया था।
धमकी भरे संदेशों में कथित तौर पर उनसे यह भी मांग की गई है कि वे अपने फैसले को वापस लें और एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से उसे गलत बताएं। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि पूर्व जज ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो उनके पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां और ब्रिटेन पुलिस मिलकर जांच में जुट गई हैं।