नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर देशभर में अपनी बादशाहत साबित की है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार वह भारत के सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटी बन गए हैं। फॉर्च्यून इंडिया और ग्लोबल ब्रांड कंसल्टेंसी इंटरब्रांड की संयुक्त रिपोर्ट में उनकी ब्रांड वैल्यू 3,542 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस सूची में बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस तीसरे स्थान पर पहुंची हैं। खास बात यह है कि प्रियंका इस सूची में सबसे अधिक ब्रांड वैल्यू रखने वाली भारतीय महिला सेलिब्रिटी बनी हैं।
रिपोर्ट के अनुसार टॉप-10 सूची में तीन क्रिकेटर और सात फिल्मी सितारों ने जगह बनाई है। विराट कोहली के बाद महेंद्र सिंह धोनी चौथे स्थान पर हैं, जबकि रणवीर सिंह, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, आलिया भट्ट और अल्लू अर्जुन भी सूची में शामिल हैं।
टॉप-10 सबसे वैल्युएबल सेलिब्रिटीज की सूची इस प्रकार रही—
- विराट कोहली
- शाहरुख खान
- प्रियंका चोपड़ा जोनस
- महेंद्र सिंह धोनी
- रणवीर सिंह
- अक्षय कुमार
- अमिताभ बच्चन
- सचिन तेंदुलकर
- आलिया भट्ट
- अल्लू अर्जुन
महिलाओं में प्रियंका चोपड़ा के बाद दीपिका पादुकोण 11वें और रश्मिका मंदाना 17वें स्थान पर रहीं। इसके अलावा कृति सेनन, नयनतारा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना भी टॉप-25 सूची में शामिल हैं।
रिपोर्ट में दिलजीत दोसांझ, करण जौहर, सौरव गांगुली और विक्की कौशल जैसे नाम भी मजबूत ब्रांड वैल्यू के आधार पर सूची में जगह बनाने में सफल रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार यह रैंकिंग केवल कमाई या सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर आधारित नहीं है, बल्कि इसमें लोकप्रियता, विश्वसनीयता, प्रभाव और दर्शकों से जुड़ाव जैसे कई मानकों को शामिल किया गया है।