कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। भानुप्रतापपुर के बाद अब चरामा ब्लॉक के हराडूला क्षेत्र में कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने रविवार देर रात खुद मौके पर पहुंचकर छापा मारा।
इस कार्रवाई के दौरान रेत खनन और परिवहन में लगी 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर लिया गया। मौके पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए गतिविधियां जारी थीं।
विधायक सावित्री मंडावी ने आरोप लगाया कि उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन देर रात किसी ने फोन नहीं उठाया, जिसके बाद उन्हें स्वयं मौके पर जाना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई में शामिल हुई। जब्त वाहनों और मशीनों के खिलाफ आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध रेत खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय रहते हैं और नदियों से लगातार अवैध उत्खनन कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।