नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें सड़क पार कर रहे एक ही परिवार के चार सदस्य क्लस्टर बस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रोहतक रोड स्थित मुल्तान नगर के पास शाम करीब 6 बजे हुआ। एक ही परिवार के सदस्य पैदल सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार क्लस्टर बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया:
हादसे में 50 वर्षीय निर्मला देवी, 23 वर्षीय निशा और दो नाबालिग बच्चे घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया। बच्चों और एक अन्य घायल को मेडिकल जांच के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया है।
बस चालक गिरफ्तार:
पुलिस ने मौके से ही बस चालक इरशाद अली (28) को हिरासत में ले लिया है और बस को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।