कवर्धा। कबीरधाम जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। लोहारा थाना क्षेत्र के बानो बैरियल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान जमुनिया निवासी अर्जुन बैगा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी तेज गति से आ रही हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और भारी वाहन उसके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।