वृक्षारोपण से जागरूकता तक, विश्व पर्यावरण दिवस पर NMDC का देशव्यापी अभियान

हैदराबाद। देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी NMDC ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर अपने हैदराबाद मुख्यालय समेत देशभर की परियोजनाओं में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान कंपनी ने सतत खनन, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” पर आधारित कार्यक्रम में NMDC के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। अधिकारियों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता से जुड़े वीडियो और कंपनी की वनीकरण, जैव विविधता संरक्षण एवं सतत खनन पहलों पर आधारित एक विशेष वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। वहीं, NMDC की सभी परियोजनाओं में वृक्षारोपण अभियान चलाए गए और कर्मचारियों व छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अमिताभ मुखर्जी ने कहा कि पृथ्वी का अस्तित्व मानव से कहीं अधिक पुराना है और भविष्य में भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण पृथ्वी के लिए नहीं, बल्कि मानवता के अस्तित्व के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी से व्यक्तिगत और व्यावसायिक स्तर पर जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने का आग्रह किया।

कंपनी ने पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों का वितरण भी किया और पर्यावरणीय चेतना बढ़ाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया। NMDC ने दोहराया कि जिम्मेदार खनन और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं और यही कंपनी की विकास यात्रा का मूल आधार है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *