नई दिल्ली। मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे ‘बी एंड बी’ होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज के बयान ने राजधानी में भवन सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि कारोबार बढ़ाने के लिए होटल में अतिरिक्त कमरे बनाए गए थे और उसे सलाह दी गई थी कि ऐसे मॉडिफिकेशन सामान्य हैं क्योंकि “दिल्ली में सब चलता है।”
गौरतलब है कि 3 जून को होटल के बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंट में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत होटल को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति थी, जबकि भवन में 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इमारत में कथित तौर पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया था और भवन का पूरा नक्शा संबंधित विभागों में जमा नहीं कराया गया था।
जानकारी के अनुसार, भवन की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक थी, जिसके लिए फायर एनओसी अनिवार्य थी। हालांकि होटल प्रबंधन ने आवश्यक अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं किया था।
एक ही निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटनास्थल का निरीक्षण करने वाले अधिकारियों के अनुसार होटल का मुख्य प्रवेश द्वार बेहद संकरा था और भवन में बाहर निकलने के लिए केवल एक ही रास्ता मौजूद था। बेसमेंट सहित कई मंजिलों पर कमरे संचालित किए जा रहे थे, जिससे आपात स्थिति में लोगों के सुरक्षित निकास की संभावना काफी कम हो गई।
आसपास भी संचालित हैं कई होटल
बताया जा रहा है कि लवकेश बजाज इसी इलाके में कई अन्य होटल और होमस्टे भी संचालित करता है, जहां बड़ी संख्या में देश-विदेश से आने वाले लोग ठहरते हैं। ऐसे में प्रशासन अब उसके अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कर सकता है।
न्यायिक जांच के आदेश
हादसे के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाकर पूरे मामले की जांच और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट के अधीन मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए गए हैं, ताकि आग लगने के कारणों, सुरक्षा चूक और संभावित प्रशासनिक लापरवाही की निष्पक्ष जांच की जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल संचालन में नियमों के उल्लंघन के लिए कौन-कौन जिम्मेदार था |