NEET पेपर लीक के विरोध में NSUI पर लाठीचार्ज, दीपक बैज बोले- छात्रों की आवाज दबा रही सरकार

रायपुर। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए NSUI के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर NSUI कार्यकर्ता केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद Tokhan Sahu के निवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने मंत्री आवास से पहले ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई।

वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटना में 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं छह से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है। पुलिस का दावा है कि झड़प के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने आरोप लगाया कि NSUI का प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन सरकार के इशारे पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि लाठीचार्ज में कई छात्र और कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *