रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अदाणी पावर लिमिटेड और अदाणी फाउंडेशन की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की गई है। पॉवर प्लांट परिसर में अदाणी विद्या मंदिर और अदाणी हॉस्पिटल का भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

इस परियोजना के तहत प्रस्तावित अदाणी विद्या मंदिर में कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। वहीं, 40 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल ग्रामीणों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कंपनी की ओर से बताया गया कि यह परियोजना सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आजीविका के अवसरों को मजबूत करना है।
इस पहल से आसपास के हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।