कर्नाटक में बड़ा सियासी फेरबदल: डीके शिवकुमार बने मुख्यमंत्री, जी परमेश्वर उपमुख्यमंत्री, 12 मंत्रियों ने ली शपथ

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां डीके शिवकुमार ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। बेंगलुरु स्थित लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इसी समारोह में जी परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे सहित कुल 12 विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रही। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह में हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और केरल के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति भी देखी गई। शपथ से पहले डीके शिवकुमार ने विभिन्न धर्मों के संतों का आशीर्वाद लिया और सभी का अभिवादन किया।

नई कैबिनेट में सामाजिक और जातीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है। वोक्कालिगा, लिंगायत और दलित समुदाय से तीन-तीन मंत्रियों को जगह दी गई है, जबकि कुरुबा समुदाय से दो और मुस्लिम, ईसाई तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग से एक-एक मंत्री को शामिल किया गया है।

इसी बीच, शपथ ग्रहण से पहले डीके शिवकुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता बी.एस. येदियुरप्पा से उनके आवास पर मुलाकात कर राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *