सोनम वांगचुक का ऐलान: मांगें नहीं मानी गईं तो 6 जून को CJP के प्रदर्शन में होंगे शामिल

नई दिल्ली। लद्दाख से जुड़े मुद्दों और जन आंदोलनों को लेकर चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि यदि 5 जून तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तो वे 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होंगे।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में वांगचुक ने कहा, “अगर हम नहीं तो कौन, अभी नहीं तो कब?” उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके से बातचीत के बाद उन्हें लगा कि संगठन बदलाव और जनहित के मुद्दों को उठाने की मंशा रखता है।

वांगचुक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे, विशेषकर NEET-UG परीक्षा पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग, प्रदर्शन के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार, वे विदेश से भारत लौटने के बाद प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेंगे।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले कुछ समय से लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा, संवैधानिक संरक्षण और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर सक्रिय अभियान चला रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *