वाशिंगटन। अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में हिंदूफोबिया और हिंदू-विरोधी कट्टरता की निंदा करने वाला एक प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसे अब तक 32 सांसदों का समर्थन मिल चुका है। इस प्रस्ताव में हिंदू समुदाय के पूजा स्थलों पर हमलों और उनके खिलाफ बढ़ती नफरत की घटनाओं पर चिंता जताई गई है।
यह प्रस्ताव मिशिगन से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद श्री थानेदार द्वारा पेश किया गया था। प्रस्ताव में कहा गया है कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय ने अमेरिका की अर्थव्यवस्था, विज्ञान, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे सम्मान दिया जाना चाहिए।
भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय ने देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाई है और किसी भी समुदाय के खिलाफ भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रस्ताव के सह-प्रायोजकों में राजा कृष्णमूर्ति और सुहास सुब्रमण्यम जैसे भारतीय मूल के सांसद भी शामिल हैं।
यह प्रस्ताव 24 जनवरी 2025 को पहली बार पेश किया गया था और अब इसे लगातार समर्थन मिल रहा है। इसमें सभी प्रकार की धार्मिक नफरत और हिंसा की घटनाओं की निंदा करते हुए समानता और सह-अस्तित्व पर जोर दिया गया है।