CJI सूर्यकांत ने 5 नए जजों को दिलाई शपथ, सुप्रीम कोर्ट की क्षमता बढ़ी

नई दिल्ली। देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट को मंगलवार को पांच नए न्यायाधीश मिल गए। मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट ऑडिटोरियम में आयोजित एक समारोह में सभी नए जजों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन नियुक्तियों के बाद सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है, जबकि मुख्य न्यायाधीश को मिलाकर यह संख्या 38 हो गई है।

शपथ लेने वाले नए न्यायाधीशों में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेव, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली तथा सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकिटा सुब्रमणि मोहना शामिल हैं।

इन नियुक्तियों के साथ सुप्रीम कोर्ट में महिला न्यायाधीशों की संख्या भी बढ़ी है। अब तक शीर्ष अदालत में जस्टिस बी. वी. नागरत्ना अकेली महिला जज थीं, लेकिन वेंकिटा सुब्रमणि मोहना के शामिल होने के बाद यह संख्या बढ़कर दो हो गई है।

दरअसल, हाल ही में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने पांच नामों की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 124(2) के तहत इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। इसके बाद कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नियुक्तियों की जानकारी साझा करते हुए सभी नए न्यायाधीशों को शुभकामनाएं दीं।

सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने का फैसला बढ़ते मामलों के बोझ को देखते हुए लिया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 5 मई को शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। सरकार अब इस संबंध में संसद के आगामी सत्र में विधेयक लाने की तैयारी कर रही है।

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि जजों की संख्या बढ़ने से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिलने में मदद मिलेगी। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में हजारों मामले लंबित हैं, ऐसे में अतिरिक्त न्यायाधीशों की नियुक्ति न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *