महंगाई का नया झटका: 19 किलो कमर्शियल और 5 किलो LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, रेस्टोरेंट-मालिक और आम आदमी परेशान

देश | देशभर में महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की जेब पर असर डालना शुरू कर दिया है। जून महीने की शुरुआत के साथ ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं।

दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद इसकी कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह बढ़ोतरी 53.50 रुपये तक पहुंची है।

होटल-रेस्टोरेंट में बढ़ सकती हैं कीमतें

कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और फूड कारोबार में किया जाता है। ऐसे में सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है। कारोबारियों का अतिरिक्त खर्च आखिरकार ग्राहकों तक पहुंचने की आशंका है।

5 किलो वाला ‘छोटू सिलेंडर’ भी हुआ महंगा

सिर्फ बड़े कमर्शियल सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG (FTL) सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 11 रुपये बढ़कर 821.50 रुपये हो गई है, जो पहले 810.50 रुपये थी।

6 महीनों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

बीते कुछ महीनों में कमर्शियल LPG की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण गैस की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत

हालांकि राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से मध्यम वर्गीय परिवारों को फिलहाल राहत मिली है।

जून की शुरुआत में हुए इस मूल्यवृद्धि का असर आने वाले दिनों में होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों की लागत पर साफ दिखाई दे सकता है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं पर पड़ने की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *