डीके शिवकुमार होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस विधायक दल ने लगाई मुहर

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल (CLP) ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अपना नया नेता चुन लिया है। इसके साथ ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने का उनका रास्ता साफ हो गया है।

बेंगलुरु में शनिवार को आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्वयं डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन जी. परमेश्वर ने किया। इसके बाद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली प्रचंड जीत के पीछे डीके शिवकुमार की रणनीतिक भूमिका को काफी अहम माना गया था। उस समय भी वे मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था।

बैठक के दौरान कांग्रेस विधायक दल ने सिद्धारमैया के योगदान की सराहना करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया। इसमें उनके मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के रूप में किए गए कार्यों को याद किया गया तथा सामाजिक न्याय और कांग्रेस विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की गई।

सूत्रों के अनुसार, डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले वे राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के साथ अब कांग्रेस सरकार नई टीम और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *