मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रही है। खबर है कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स 45 करोड़ रुपये में बिके हैं, जो शाहरुख खान के तीन दशक से ज्यादा लंबे करियर की अब तक की सबसे बड़ी म्यूजिक डील मानी जा रही है। इसके साथ ही ‘किंग’ भारतीय सिनेमा की तीसरी सबसे महंगी म्यूजिक राइट्स डील वाली फिल्म बन गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज़ी म्यूजिक ने 45 करोड़ रुपये में फिल्म के सभी गानों के अधिकार खरीदे हैं। इससे पहले शाहरुख खान की किसी भी फिल्म के म्यूजिक राइट्स इतनी बड़ी रकम में नहीं बिके थे। फिल्म की रिलीज में अभी कई महीने बाकी हैं, लेकिन इसके प्रति दर्शकों और इंडस्ट्री की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।
देश की तीसरी सबसे बड़ी म्यूजिक डील
म्यूजिक राइट्स की इस डील के बाद ‘किंग’ ने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, थलपति विजय की फिल्म ‘जन नायगन’ के म्यूजिक राइट्स करीब 36 करोड़ रुपये में बिके थे, जबकि ‘किंग’ ने 45 करोड़ रुपये की डील के साथ उसे पीछे छोड़ दिया है।
फिलहाल इस सूची में सबसे ऊपर ‘धुरंधर 2’ और ‘पुष्पा 2’ हैं। बताया जाता है कि ‘पुष्पा 2’ के म्यूजिक राइट्स 55 करोड़ रुपये और ‘धुरंधर 2’ के 58 करोड़ रुपये तक में बेचे गए थे।
9 साल बाद साथ आए ज़ी म्यूजिक और शाहरुख
ज़ी म्यूजिक और शाहरुख खान की जोड़ी लगभग नौ साल बाद फिर साथ आई है। इससे पहले साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘रईस’ के म्यूजिक राइट्स भी ज़ी म्यूजिक ने खरीदे थे। उस फिल्म के गाने काफी लोकप्रिय हुए थे और अब कंपनी को ‘किंग’ से भी बड़ी उम्मीदें हैं।
फिल्म का संगीत सचिन-जिगर तैयार कर रहे हैं। ऐसे में दर्शकों को एक दमदार और चार्टबस्टर म्यूजिक एल्बम की उम्मीद है।
थिएट्रिकल राइट्स भी रिकॉर्ड कीमत पर बिके
‘किंग’ ने सिर्फ म्यूजिक डील में ही नहीं, बल्कि थिएट्रिकल राइट्स के मामले में भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के थिएट्रिकल राइट्स PEN मरुधर को लगभग 250 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं, जो भारतीय सिनेमा की बड़ी डील्स में शामिल है।
करीब 350 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अभिषेक बच्चन, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार नजर आएंगे।
‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।