नई दिल्ली। भारतीय एथलेटिक्स को एक नया सितारा मिल गया है। 19 वर्षीय हाई जंपर पूजा सिंह ने चीन में आयोजित एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूजा ने 1.93 मीटर की छलांग लगाकर न सिर्फ स्वर्ण पदक अपने नाम किया, बल्कि भारतीय महिला हाई जंप में नया इतिहास भी रच दिया।
29 मई 2026 को चीन के हॉन्गकॉन्ग में आयोजित प्रतियोगिता में पूजा सिंह ने 1.93 मीटर की ऊंचाई पार कर सीनियर महिला हाई जंप का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2011 से सहाना कुमारी के नाम था, जिन्होंने 1.92 मीटर की छलांग लगाई थी। खास बात यह रही कि रिकॉर्ड टूटने के समय स्टैंड्स में मौजूद सहाना कुमारी ने खुद अपनी शिष्या पूजा का उत्साह बढ़ाया।
रिकॉर्ड बनाने के बाद पूजा भावुक हो गईं। सफलता की खुशी में उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने ट्रैक को चूमकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। यह जीत उनके वर्षों के संघर्ष, मेहनत और समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।
कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी मजबूत दावेदारी
पूजा सिंह ने अपनी ऐतिहासिक छलांग के साथ एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) द्वारा निर्धारित कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन मार्क 1.92 मीटर को भी पार कर लिया है। हालांकि उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स में मौका मिलेगा या नहीं, इसका अंतिम फैसला AFI की बैठक में लिया जाएगा।
राजमिस्त्री की बेटी से राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर तक का सफर
हरियाणा के एक साधारण परिवार से आने वाली पूजा सिंह का सफर प्रेरणादायक रहा है। उनके पिता राजमिस्त्री हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी के सपनों को उड़ान देने में कोई कमी नहीं छोड़ी। शुरुआती दिनों में पूजा गांव की एक छोटी अकादमी में अभ्यास करती थीं, जहां न तो हाई जंप के लिए आधुनिक पोल थे और न ही लैंडिंग मैट। वह बांस के डंडों को पोल बनाकर और पराली से भरे कट्टों पर उतरकर अभ्यास करती थीं।
कोच बलवान सिंह ने पूजा की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें हाई जंप पर फोकस करने की सलाह दी। इसके बाद पूजा ने लगातार मेहनत की और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
उपलब्धियों से भरा करियर
पूजा सिंह पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने एशियन अंडर-20 चैंपियनशिप 2023 में रजत पदक जीता था। इसके अलावा वह एशियन चैंपियनशिप, एशियन इंडोर चैंपियनशिप, एशियन अंडर-18 चैंपियनशिप और साउथ एशियन अंडर-20 प्रतियोगिताओं में भी पदक जीत चुकी हैं।
1.93 मीटर की छलांग के साथ पूजा सिंह अब भारत की सीनियर महिला हाई जंप की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारक बन गई हैं। साथ ही वह इस सीजन में दुनिया की शीर्ष अंडर-20 महिला हाई जंपर्स में भी शामिल हो गई हैं।
अब पूजा की नजर आगामी एशियन गेम्स और बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतने पर है। उनकी यह उपलब्धि देशभर के युवा खिलाड़ियों, खासकर ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।