‘लव आज कल 2’ को इम्तियाज अली ने बताया ‘फालतू एक्सपेरिमेंट’, बोले- टाइटल रखना बड़ी गलती थी

मुंबई। फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने अपनी फिल्म ‘लव आज कल 2’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। कार्तिक आर्यन और सारा अली खान स्टारर इस फिल्म को इम्तियाज ने अब अपना “फालतू एक्सपेरिमेंट” बताया है। उन्होंने कहा कि फिल्म को ‘लव आज कल’ फ्रेंचाइजी से जोड़ना एक गलत फैसला साबित हुआ, जिससे दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गईं और फिल्म उस पर खरी नहीं उतर सकी।

टाइम्स नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में इम्तियाज अली ने कहा कि 2020 में रिलीज हुई ‘लव आज कल’ दरअसल एक अलग कहानी थी, जिसे किसी और नाम से रिलीज किया जाना चाहिए था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में फिल्म का नाम ‘रिवर्स’ रखा गया था, लेकिन बाद में इसे ‘लव आज कल 2’ के रूप में रिलीज करने का फैसला लिया गया।

इम्तियाज ने कहा, “मैंने ‘लव आज कल 2’ इसलिए बनाई क्योंकि उसकी कहानी पहले से मेरे पास थी और मैं उसे लेकर काफी एक्साइटेड था। फिल्म नहीं चली, वो अलग बात है। उस फिल्म ने मुझे यह समझाया कि यह एक फालतू एक्सपेरिमेंट था। कोई भी फिल्म काम नहीं कर सकती अगर आपका दिल उसे बनाने में पूरी तरह शामिल न हो।”

उन्होंने आगे कहा, “एक समय ऐसा भी था जब मैं सोच रहा था कि इस कहानी को किसी दूसरे नाम से बनाऊं और इसे ‘लव आज कल’ से न जोड़ूं। लेकिन बाद में लगा कि इसे ‘लव आज कल 2’ कहना बेहतर होगा। हालांकि इससे फायदा कम और नुकसान ज्यादा हुआ, क्योंकि लोग फिल्म से पहले पार्ट जैसी उम्मीदें लगाने लगे थे।”

गौरतलब है कि साल 2009 में रिलीज हुई ओरिजिनल ‘लव आज कल’ को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी नजर आई थी। बदलते समय में प्यार और रिश्तों को दिखाने वाली इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में 12 नॉमिनेशन भी हासिल किए थे।

वहीं, 2020 में रिलीज हुई कार्तिक आर्यन और सारा अली खान स्टारर ‘लव आज कल’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने करीब 56 करोड़ रुपये की कमाई की थी, लेकिन दर्शकों और समीक्षकों से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी।

इम्तियाज अली का यह बयान अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां कई लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *