हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष, नितिन नवीन ने सौंपी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

भाजपा ने एक साथ कई राज्यों में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की है। दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि हरियाणा में अर्चना गुप्ता, पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद पार्टी नेतृत्व ऐसे चेहरे की तलाश में था जो संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रख सके। पार्टी आलाकमान नहीं चाहता था कि राजधानी में सरकार और संगठन के बीच किसी तरह का टकराव दिखाई दे। इसी रणनीति के तहत हर्ष मल्होत्रा के नाम पर सहमति बनी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ में राजीव बब्बर और जेपी के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन संगठन और प्रशासन दोनों स्तरों पर अनुभव होने के कारण हर्ष मल्होत्रा को प्राथमिकता दी गई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठनात्मक चुनावों के बाद भी बड़ी संख्या में स्थानीय नेताओं का समर्थन उन्हें मिला हुआ था।

हर्ष मल्होत्रा पहले निगम पार्षद और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर भी रह चुके हैं। ऐसे में स्थानीय निकाय प्रशासन और संगठनात्मक कामकाज का उनका अनुभव भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है। अगले वर्ष प्रस्तावित नगर निगम चुनावों को देखते हुए पार्टी ने यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना है। दिल्ली में सरकार बनने के बाद अब भाजपा की नजर निगम चुनावों में मजबूत प्रदर्शन पर है।

वहीं, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को लेकर भी पार्टी के भीतर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्हें जल्द भाजपा की केंद्रीय टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उनके कार्यकाल में भाजपा ने दिल्ली की सभी लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी और करीब 27 वर्षों बाद राजधानी की सत्ता में वापसी की थी। इसके अलावा नगर निगम में भी भाजपा ने अपनी स्थिति मजबूत की।

पार्टी नेताओं का मानना है कि दिल्ली में संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए हर्ष मल्होत्रा की नियुक्ति अहम साबित हो सकती है।

************************************

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *