पश्चिम बंगाल | पश्चिम बंगाल में महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा योजना (Annapurna Yojana) की शुरुआत कर दी गई है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से बुधवार 27 मई से आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाने शुरू हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह योजना राज्य में पहले से चल रही लक्ष्मी भंडार योजना की जगह ले सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लक्ष्मी भंडार योजना के मौजूदा लाभार्थियों को स्वतः अन्नपूर्णा योजना में ट्रांसफर किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होना जरूरी है। साथ ही आवेदक आयकर दाता नहीं होनी चाहिए और किसी स्थायी सरकारी नौकरी में कार्यरत नहीं होनी चाहिए। केंद्र या राज्य सरकार, सरकारी उपक्रम, पंचायत, नगर निकाय या सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों से वेतन या पेंशन लेने वाली महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
सरकार के अनुसार, योजना के तहत मिलने वाली राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 1 जून से ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इच्छुक महिलाएं पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकेंगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी होगी। आवेदन जमा होने के बाद सरकारी अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीओ और शहरी क्षेत्रों में एसडीओ पात्र आवेदकों की सूची जिला प्रशासन को भेजेंगे।
सरकार का दावा है कि इस योजना से राज्य की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।