Aadhaar App | आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने घोषणा की है कि पुराना mAadhaar ऐप जल्द बंद कर दिया जाएगा। इसकी जगह नया Aadhaar App लॉन्च किया गया है, जिसमें पहले से ज्यादा सिक्योरिटी, डिजिटल वेरिफिकेशन और यूजर कंट्रोल जैसे कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं।
UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि नया ऐप यूजर्स को तेज, आसान और ज्यादा सुरक्षित आधार सेवाएं देगा। यह ऐप फिलहाल Google Play Store और Apple App Store पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।
घर बैठे बदल सकेंगे मोबाइल नंबर
नए Aadhaar App का सबसे बड़ा और चर्चित फीचर मोबाइल नंबर अपडेट है। अभी तक आधार में मोबाइल नंबर बदलने के लिए लोगों को आधार सेंटर जाना पड़ता था, लेकिन अब यह काम ऐप के जरिए घर बैठे किया जा सकेगा।
मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए यूजर्स को :
* Aadhaar App खोलना होगा
* “Update Aadhaar Details” विकल्प चुनना होगा
* नया मोबाइल नंबर या पता दर्ज करना होगा
* ऐप में दिए गए वेरिफिकेशन प्रोसेस को पूरा करना होगा
* मामूली शुल्क जमा करना होगा
वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद जानकारी आधार रिकॉर्ड में अपडेट हो जाएगी।
“आपका आधार, आपकी मर्जी”
नए ऐप में प्राइवेसी को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब यूजर तय कर सकेंगे कि उन्हें अपनी कौन-सी जानकारी शेयर करनी है और कौन-सी छिपानी है।
ऐप के जरिए नाम, फोटो, जन्मतिथि, जेंडर, मोबाइल नंबर जैसी डिटेल्स को जरूरत के हिसाब से हाइड किया जा सकेगा। यानी अब हर जगह पूरी आधार डिटेल दिखाने की मजबूरी नहीं होगी।
QR कोड से होगा डिजिटल वेरिफिकेशन
नया Aadhaar App QR कोड आधारित वेरिफिकेशन की सुविधा भी देता है। यूजर्स एक सिक्योर QR कोड जनरेट कर सकेंगे, जिसे स्कैन करके उनकी पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में पूरी निजी जानकारी शेयर नहीं करनी होगी। जरूरत के हिसाब से सिर्फ नाम और उम्र जैसी सीमित जानकारी भी शेयर की जा सकेगी।
UIDAI का कहना है कि इससे ऑफिस, होटल, सिक्योरिटी चेक और विजिटर एंट्री जैसी जगहों पर आधार वेरिफिकेशन ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा।
एक ऐप में पूरे परिवार का आधार
नए Aadhaar App में एक और बड़ा फीचर फैमिली प्रोफाइल सपोर्ट है। यूजर एक ही अकाउंट में पांच अलग-अलग आधार प्रोफाइल जोड़ सकेंगे। यानी पूरे परिवार के आधार से जुड़ा काम एक ही ऐप से मैनेज किया जा सकेगा।
UIDAI ने लोगों से अपील की है कि नया ऐप केवल Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें और किसी भी SMS, WhatsApp या ईमेल लिंक से ऐप डाउनलोड करने से बचें।