Viral Wedding: शादी में मिला ऐसा ‘रिटर्न गिफ्ट’, पूरे गांव का करा दिया 1 लाख का बीमा

Viral Wedding | महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक ऐसी शादी की कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। यहां एक दूल्हे और उसके परिवार ने शादी को सिर्फ जश्न तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे गांव की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाते हुए करीब 3,500 लोगों का दुर्घटना बीमा करा दिया।

यह अनोखा मामला नांदेड़ जिले की कंधार तहसील के बहादुरपुरा गांव का है। 20 मई को सिद्धेश्वर पेठकर और मंजूषा की शादी हुई। शादी में शामिल होने वाले गांव के लगभग सभी लोगों को 1 लाख रुपये का एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर दिया गया।

परिवार के मुताबिक, गांव में ज्यादातर लोग खेती और मजदूरी से जुड़े हैं। खेतों में काम करते समय सांप काटने, बिजली गिरने, जंगली जानवरों के हमले और सड़क हादसों जैसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। इन्हीं जोखिमों को देखते हुए परिवार ने यह अनोखी पहल करने का फैसला लिया।

दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर ने बताया,
“हमारे गांव में लोग रोज जोखिम के बीच काम करते हैं. कई बार छोटे हादसे भी परिवारों पर बड़ा बोझ बन जाते हैं. इसलिए हमने सोचा कि शादी के मौके पर ऐसा काम किया जाए, जिससे पूरे गांव को मदद मिल सके.”

इस पहल का आइडिया सिद्धेश्वर के बड़े भाई अनूप पेठकर को आया था। उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह दुर्घटना बीमा योजना है, जिसके तहत किसी हादसे में मौत होने पर परिवार को 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी।

बीमा में सांप काटने, बिजली गिरने, जंगली जानवरों के हमले, सड़क दुर्घटना और अन्य सामान्य हादसों से होने वाली मौतें भी शामिल हैं।

यह पहली बार नहीं है जब पेठकर परिवार ने सामाजिक पहल की हो। परिवार इससे पहले भी गांव में इंश्योरेंस और हेलमेट कैंप लगा चुका है। अनूप पेठकर ने बताया कि उन्होंने पहले एक दिन में करीब 900 लोगों का बीमा कराया था और अपनी शादी में मेहमानों को हेलमेट भी बांटे थे।

दुल्हन मंजूषा पेठकर ने कहा,
“आज हमारा पूरा परिवार बहुत खुश है कि हमारी शादी किसी के काम आ रही है.”

इस पहल की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। कई लोग इसे “असल समाजसेवा” बता रहे हैं। शिवसेना सांसद मिलिंद देवरा ने भी इस कदम को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि शादी में ऐसा रिटर्न गिफ्ट देना समाज के लिए मिसाल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *