‘डॉन 3’ विवाद | रणवीर सिंह और फरहान अख्तर की फिल्म *डॉन 3* को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़ा इंडस्ट्री इश्यू बनता जा रहा है। फरहान अख्तर की शिकायत के बाद फिल्म इंडस्ट्री की बड़ी संस्था FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने रणवीर सिंह के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इंडस्ट्री से उनके साथ काम न करने की अपील की है। हालांकि इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या रणवीर सिंह पर लगा यह “बैन” कानूनी रूप से मान्य है और इसका उनके करियर पर कितना असर पड़ेगा?
जानकारों के मुताबिक, तकनीकी तौर पर FWICE किसी अभिनेता पर कानूनी प्रतिबंध नहीं लगा सकता। यही वजह है कि संस्था ने इसे आदेश की बजाय “निर्देश” या “बॉयकॉट अपील” के रूप में जारी किया है। यानी कोई भी निर्माता, निर्देशक या कलाकार चाहे तो रणवीर सिंह के साथ काम जारी रख सकता है।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने भी FWICE को भेजे अपने ईमेल में साफ कहा था कि यह मामला कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा है और संस्था इस पर फैसला सुनाने वाली आधिकारिक अथॉरिटी नहीं है।
हालांकि कानूनी रूप से बैन लागू न होने के बावजूद इस फैसले का असर रणवीर सिंह पर पड़ सकता है। FWICE देशभर के हजारों फिल्म वर्कर्स और टेक्निशियन्स का सबसे बड़ा संगठन माना जाता है, जिसके अंतर्गत 38 यूनियन काम करती हैं। ऐसे में यदि बड़ी संख्या में टेक्निशियन और इंडस्ट्री वर्कर्स रणवीर के साथ काम करने से दूरी बनाते हैं, तो उनकी फिल्मों की शूटिंग और प्रोडक्शन प्रभावित हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा विवाद *डॉन 3* से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट और कमिटमेंट को लेकर पैदा हुआ। पहले मामला प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) तक पहुंचा था, लेकिन वहां कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद फरहान अख्तर FWICE के पास पहुंचे, जहां रणवीर के खिलाफ बॉयकॉट जैसा फैसला लिया गया।
हालांकि FWICE ने समझौते का रास्ता अब भी खुला रखा है। संस्था का कहना है कि अगर रणवीर सिंह बातचीत के लिए सामने आते हैं, तो मामले का समाधान निकाला जा सकता है।
अब रणवीर सिंह के सामने दो रास्ते बताए जा रहे हैं। पहला, वह FWICE से बातचीत कर समझौते की कोशिश करें। दूसरा, वह इस फैसले को अदालत में चुनौती दें। इंडस्ट्री सूत्रों का मानना है कि मामला जिस दिशा में बढ़ा है, उसे देखते हुए रणवीर कानूनी रास्ता अपना सकते हैं।
फिलहाल यह साफ है कि FWICE का यह फैसला रणवीर सिंह के लिए शॉर्ट टर्म में मुश्किलें जरूर बढ़ा सकता है, लेकिन बॉलीवुड में ऐसे विवाद पहले भी समय के साथ सुलझते रहे हैं।