महंगाई का डबल अटैक! पेट्रोल-डीजल के बाद CNG भी महंगी

देश  | देश में महंगाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) भी महंगी हो गई है। दिल्ली में सोमवार 25 मई से CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी में CNG की कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।

पिछले दो हफ्तों में यह चौथी बार है जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 17 मई और 23 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया था। वहीं पेट्रोल और डीजल के दामों में भी 15 मई, 19 मई, 23 मई और 25 मई को लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। सिर्फ 15 मई के बाद से राजधानी में CNG करीब 5 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान-अमेरिका तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते संकट का असर अब भारत के फ्यूल मार्केट पर साफ दिखने लगा है। तेल और गैस सप्लाई को लेकर अनिश्चितता बढ़ने से कंपनियों पर दबाव बना हुआ है, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।

हालांकि फिलहाल घरेलू LPG सिलेंडर और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।

लेकिन पेट्रोल, डीजल और CNG की लगातार बढ़ती कीमतें अब आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डाल सकती हैं। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियां, फल, दूध और अन्य जरूरी सामान महंगे होने की आशंका बढ़ गई है। माल ढुलाई की लागत बढ़ने का असर बाजार में लगभग हर सेक्टर पर पड़ सकता है।

विशेष रूप से CNG से चलने वाले ऑटो, टैक्सी और कमर्शियल वाहनों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में किराए और परिवहन लागत में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *