भोपाल | ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने इस मामले को दहेज मृत्यु और उत्पीड़न से जुड़ा मामला मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दहेज निषेध अधिनियम की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। FIR में सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ है कि ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह ने शादी के समय कथित तौर पर 2 लाख रुपये की मांग की थी।
सीबीआई की FIR के मुताबिक, ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ सिंह रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिवार का आरोप है कि उन्होंने आत्महत्या की।
आजतक से जुड़े सूत्रों के अनुसार, CBI ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। FIR में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है।
FIR में दावा किया गया है कि शादी के बाद से ही ट्विशा को दहेज को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में कहा गया है कि ट्विशा के परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद मांगें खत्म नहीं हुईं।
जांच एजेंसी के दस्तावेजों के अनुसार, गिरिबाला सिंह ने शादी के दौरान 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की थी, जिसे ट्विशा के परिवार ने पूरा भी किया। इसके बावजूद कथित तौर पर ट्विशा को प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
ट्विशा के परिवार ने पति और सास पर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, समर्थ सिंह के परिवार ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका दावा है कि ट्विशा नशे की लत से जूझ रही थीं।
इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा था। सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए 25 मई को मामले की सुनवाई की थी। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने मीडिया से पीड़ित परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की थी।
वहीं सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की एक टिप्पणी भी चर्चा में रही। उन्होंने अदालत में कहा था,
“बेटी का तलाकशुदा होना, उसकी मौत से बेहतर है।”
फिलहाल CBI की टीम भोपाल पहुंच चुकी है और मामले की गहन जांच जारी है। एजेंसी अब दहेज उत्पीड़न, आत्महत्या के लिए उकसाने और संभावित आपराधिक साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।