हिमाचल | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में सोमवार को सेशन कोर्ट परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक आरोपी लोडेड बंदूक और कारतूस लेकर अदालत पहुंच गया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान डीएसपी पर बंदूक तक तान दी, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान भोरंज क्षेत्र निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है। वह घरेलू हिंसा से जुड़े एक मामले में पेशी के लिए हमीरपुर सेशन कोर्ट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथ बंदूक और दो कारतूस लेकर कोर्ट परिसर में बैठा हुआ था।
इसी दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद उप पुलिस अधीक्षक (DSP) की नजर आरोपी पर पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी बीच रमन कुमार ने डीएसपी की ओर बंदूक तान दी, जिससे कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया। सबसे पहले उसके हाथ से बंदूक छीनी गई और फिर उसे हिरासत में लेकर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा था और उसी सिलसिले में वह पेशी पर आया था।
इस घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अदालत के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद आरोपी हथियार लेकर अंदर कैसे पहुंच गया, इसे लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर कोर्ट परिसर तक कैसे पहुंचा।