बलौदाबाजार | छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दंतैल हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. रविवार को ग्राम दोंद में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान जहरु राम नेताम के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण भय के साए में जीने को मजबूर हैं.
जानकारी के मुताबिक, दंतैल हाथी पिछले चार दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र में उत्पात मचा रहा था. हाथी खेत-खलिहानों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था और लगातार आबादी वाले इलाकों के करीब घूम रहा था. रविवार को हाथी ग्राम दोंद पहुंच गया, जहां उसने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि हाथी ने जहरु राम नेताम को उठाकर कई बार जमीन पर पटका, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद रातभर वन विभाग की टीम, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीण हाथी को गांव से बाहर निकालने में जुटे रहे. काफी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी वाले इलाके से खदेड़कर पहाड़ी की तरफ भेजा गया. फिलहाल हाथी खलिहानों के रास्ते पास की पहाड़ियों की ओर बढ़ गया है.
वन विभाग को आशंका है कि हाथी आसपास के अन्य गांवों में भी प्रवेश कर सकता है. इसे देखते हुए ग्राम मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी समेत कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
वन विभाग और हाथी मित्र दल ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात या सुबह के समय अकेले खेतों और जंगल की ओर न जाएं. हाथी को देखकर उसे उकसाने या पास जाकर फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है.
फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है. वहीं ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की है.