CG Political: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर घमासान, अजय चंद्राकर बोले- ‘टीएस बाबा कांग्रेस छोड़ दें’

छत्तीसगढ़  | छत्तीसगढ़  की राजनीति में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी में उनका लगातार अपमान किया जा रहा है.

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि “मैं टीएस सिंहदेव के बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देता”, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कांग्रेस का एक मिशन बन गया था — “बाबा साहब को अपमानित करो.”

चंद्राकर ने कहा, “टीएस बाबा एक गौरवशाली वंश से आते हैं. अपमान की भी एक सीमा होती है. अब उन्हें तय करना है कि कांग्रेस में अपमानित होना है या राष्ट्र के विकास के साथ अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाना है.”

इसी दौरान चंद्राकर ने झीरम घाटी नक्सली हमले की बरसी पर भी कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा कि जिस दिन भूपेश बघेल अपनी जेब में रखे तथाकथित सबूत सार्वजनिक करेंगे और कवासी लखमा पूरी घटना पर खुलकर बताएंगे, उस दिन कई परतें अपने आप खुल जाएंगी.

उन्होंने यह भी दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने अस्पताल में कवासी लखमा से क्या कहा था, यह भी सामने आना चाहिए. भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झीरम हमले को केवल “राजनीतिक सहानुभूति का ऑक्सीजन” बनाकर रखा है.

वहीं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के उस बयान पर भी अजय चंद्राकर ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने खनिज संसाधनों में आदिवासियों की हिस्सेदारी की बात कही थी. चंद्राकर ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तब इस मुद्दे को विधानसभा, कैबिनेट या केंद्र सरकार के सामने क्यों नहीं उठाया गया.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में रहते समय नेताओं में अपनी बात रखने का साहस नहीं होता, लेकिन कुर्सी जाने के बाद बड़े-बड़े बयान देकर राजनीति चमकाने की कोशिश की जाती है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *