अमेरिका | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के भारत दौरे के बीच ट्रंप ने कहा कि वह पीएम मोदी के “बहुत बड़े फैन” हैं और भारत अमेरिका पर “100 प्रतिशत भरोसा” कर सकता है.
अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे भारत से प्यार है. प्रधानमंत्री मोदी महान इंसान हैं, वह मेरे दोस्त हैं. मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं.” कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर मौजूद थे.
बताया गया कि ट्रंप ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को फोन कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा, “हम भारत के पहले कभी इतने करीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है. अगर भारत को कभी मदद की जरूरत पड़ी, तो उन्हें पता है कि किसे फोन करना है.”
ट्रंप ने अपने संबोधन में मार्को रूबियो की भी जमकर तारीफ की और उन्हें “अमेरिका के इतिहास का सबसे महान विदेश मंत्री” बताया. वहीं रूबियो ने अपने भाषण में भारत को अमेरिका का प्रमुख रणनीतिक साझेदार बताया.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और रणनीतिक साझेदारी के संदर्भ में काफी अहम माना जा रहा है. हाल ही में मार्को रूबियो ने संकेत दिए थे कि दोनों देशों के बीच जल्द ही बड़ा ट्रेड डील हो सकता है. ऐसे में ट्रंप का “भारत मुझ पर भरोसा कर सकता है” वाला बयान निवेश, टेक्नोलॉजी और व्यापार सहयोग को लेकर भरोसे का संदेश माना जा रहा है.
हाल के महीनों में अमेरिका ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाए थे, हालांकि फरवरी में अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया था. ऐसे में दोनों देशों के रिश्तों में नरमी और नई आर्थिक साझेदारी की संभावनाएं भी बढ़ती दिखाई दे रही हैं.
यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने पीएम मोदी की सार्वजनिक रूप से तारीफ की हो. 2024 के अमेरिकी चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने मोदी को अपना “बहुत अच्छा दोस्त” बताया था. इससे पहले 2020 में अहमदाबाद के नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम में ट्रंप ने मोदी को “असाधारण नेता” कहा था. वहीं 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित हाउडी मोदी कार्यक्रम में भी उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर सराहना की थी.