दिल्ली | दिल्ली-एनसीआर में महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अब CNG के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी फिर इजाफा कर दिया गया है। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।
Indraprastha Gas Limited (IGL) ने CNG की कीमत में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है, जबकि पहले यह 80.09 रुपये थी. इससे पहले 15 मई को 2 रुपये और 17 मई को 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी।
वहीं शनिवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा कर दिया। पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरों के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारतीय बाजार में भी दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियां बढ़ी हुई लागत का बोझ धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जबकि 19 मई को भी करीब 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ था। ताजा बढ़ोतरी के बाद पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल कुल मिलाकर लगभग 5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं।
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर भी पड़ने लगा है, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ती जा रही है।