रायपुर। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर दीपक बैज ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता और किसानों पर सीधा असर पड़ रहा है.
पीसीसी चीफ ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से जरूरी सामानों की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं. किसान डीजल और खाद के लिए लाइन लगाने को मजबूर हैं, लेकिन भाजपा “मेलोडी” के नाम पर राजनीति करने में व्यस्त है. उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है और आम आदमी की परेशानी बढ़ती जा रही है.
अवैध शराब बिक्री को लेकर भी दीपक बैज ने राज्य सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकली होलोग्राम वाली शराब खुलेआम बिक रही है और इससे काली कमाई की जा रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि अवैध शराब के इस कारोबार से फायदा किसे मिल रहा है. बैज ने कहा कि भाजपा के ही मंत्री और सांसद इस मुद्दे को उठा रहे हैं, जिससे साफ है कि सरकार के भीतर भी सबकुछ ठीक नहीं है.
खाद संकट को लेकर उन्होंने कहा कि सोसायटियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है. किसान पहले डीजल संकट से परेशान थे और अब खाद की कमी से जूझ रहे हैं. उन्होंने सरकार से श्वेत पत्र जारी कर खाद की उपलब्धता और वितरण की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की.
भाजपा नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक बैज ने कहा कि जनता के बीच जाकर हालात समझने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी में लगी हुई है.
बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर पर हमला बोलते हुए बैज ने कहा कि यह “प्रशिक्षण शिविर नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और छत्तीसगढ़ को लूटने का शिविर” है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को उद्योगपतियों के हाथों बेचा जा रहा है और आम जनता परेशान है.
डी-लिस्टिंग के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, फिर भी धर्मांतरण के मुद्दे पर केवल राजनीति की जा रही है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा गंभीर है तो संसद और विधानसभा में कानून लाए.