करोड़ों के प्रोजेक्ट में नाबालिग से मजदूरी, मौत के बाद एजेंसी पर गंभीर सवाल

अभनपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोलियारी और पारागांव के बीच महानदी किनारे चल रहे तटबंध निर्माण कार्य में एक नाबालिग मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान 16 वर्षीय हर्ष साहू के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम खुरसेंगा का रहने वाला था.

जानकारी के मुताबिक, करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार सुबह हर्ष साहू की अचानक तबीयत बिगड़ गई. काम करते समय उसे चक्कर आया और वह मौके पर ही गिर पड़ा. साथी मजदूर उसे तुरंत इलाज के लिए कुरूद अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए गोबरा नवापारा रेफर किया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना के बाद निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक नाबालिग मजदूर को निर्माण स्थल पर काम कैसे कराया जा रहा था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई थीं.

ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण स्थल पर प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा किट, हेलमेट और पर्याप्त पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था. आरोप है कि काम को जल्द पूरा करने के दबाव में मजदूरों से कठिन परिस्थितियों में लगातार काम कराया जा रहा था.

स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय पर सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी इंतजाम किए गए होते तो किशोर मजदूर की जान बचाई जा सकती थी.

फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *